ग्राम पंचायत कुम्हली में जल जीवन मिशन के तहत निर्मित की जा रही पानी टंकी का कार्य कई वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है। निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होने के कारण ग्रामवासियों को आज तक योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। कुम्हली क्षेत्र अत्यंत शुष्क (ड्राई) क्षेत्र होने के कारण गर्मी के मौसम में पेयजल की गंभीर समस्या बनी रहती है, जिससे ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
इस संबंध में ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती टिकेश्वरी ठाकुर एवं उप सरपंच विजय कुमार साहू द्वारा सुशासन तिहार के दौरान आयोजित सभी शिविरों में लगातार आवेदन प्रस्तुत कर समस्या से प्रशासन को अवगत कराया गया। इसके बावजूद आज तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है और न ही निर्माण कार्य पूर्ण कराया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि शासन की महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उन्हें केवल कागजों में दिखाई दे रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि अधूरे निर्माण कार्य की तत्काल जांच कर शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध हो सके।
पी. एच.ई पाटन एस.डी.ओ ने मामले के सम्बन्ध मे कहा की पाइप लाइन का कार्य अधूरा है, ठेकेदार को भुकतान नहीं हुआ इस कारण विलम्ब हो रहा है, इस सम्बन्ध मे ठेकेदार को निर्देशित किया गया है, जल्द ही कार्य पूर्ण किया जायेगा।

0 टिप्पणियाँ