बेल्हारी:

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा घोषित कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा 2025 के परिणामों में स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय, बेल्हारी के विद्यार्थियों ने सराहनीय उपलब्धि हासिल की है। इस वर्ष विशेष रूप से छात्राओं ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है।



कक्षा 12वीं कला संकाय में कु. तुलसी प्रजापति ने 90% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान अर्जित किया। वहीं गणित विषय की छात्रा कु. वंशिका ने 88.4% अंकों के साथ द्वितीय तथा कु. शालिनी ने 88% अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कक्षा 10वीं अंग्रेजी माध्यम में कु. सोनम ने 95.16% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कु. गोष्ठी ने 88.16% अंकों के साथ द्वितीय एवं कु. तृप्ति ने 84% अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं हिंदी माध्यम में कु. सुभागी ने 90.66% अंक प्राप्त कर प्रथम तथा कु. खुशी ने 88.16% अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय का कुल परीक्षा परिणाम कक्षा 12वीं में 93.54% एवं कक्षा 10वीं में 57.77% रहा। इस वर्ष बेटियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से यह सिद्ध कर दिया कि मेहनत, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण से हर ऊंचाई हासिल की जा सकती है। उनकी यह सफलता पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत बनी है।

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती रीना चौधरी ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अनुशासन, सतत प्रयास और सकारात्मक सोच का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं उपसरपंच मनीष चंद्राकर ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता पूरे गांव के लिए गौरव का विषय है और यह आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी। सरपंच श्री अमित अग्रवाल ने भी विद्यार्थियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास की मजबूत नींव है।

विद्यालय के पूर्व प्राचार्य श्री वाई. के. साहू ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम शिक्षकों की समर्पित मेहनत एवं विद्यार्थियों की लगन का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने भविष्य में और बेहतर उपलब्धियों की कामना की।

अंत में विद्यालय परिवार ने सभी शिक्षकगणों के अथक प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मेहनत ही विद्यार्थियों की सफलता का आधार है।“जब संकल्प मजबूत हो, तो सफलता निश्चित ही कदम चूमती है।”