पाटन। खाद और बीज वितरण में हो रही देरी तथा किसानों को निर्धारित मापदंड के अनुरूप खाद उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा अब जोर पकड़ने लगा है। दिशा कमेटी दुर्ग की बैठक में विधायक प्रतिनिधि अशोक साहू ने इस विषय को प्रमुखता से उठाते हुए किसानों की समस्याओं पर चिंता जताई। अशोक साहू ने कहा कि खाद और बीज वितरण में लगभग महीनेभर की देरी के बाद व्यवस्था शुरू हो सकी है, लेकिन अब भी कई समितियों में किसानों को तय मापदंड अनुसार खाद उपलब्ध नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि खाद और बीज उठाव के दौरान मात्रा और गुणवत्ता दोनों की जांच अवश्य करें, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि खेती-किसानी का समय बेहद महत्वपूर्ण होता है और ऐसे समय में खाद-बीज की कमी या वितरण में लापरवाही सीधे किसानों की फसल और आर्थिक स्थिति को प्रभावित करती है। दिशा कमेटी की बैठक में इस विषय पर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है, ताकि वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाया जा सके। कांग्रेस नेता अशोक साहू ने कहा कि किसानों को उनका पूरा अधिकार मिले। इसके लिए जनप्रतिनिधि लगातार आवाज उठा रहे हैं।

0 टिप्पणियाँ